
गोपालगंज, निज संवाददाता।अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर शहर के शाही कॉम्पलेक्स स्थित कौशल विकास केन्द्र KBS एकेडमी में रविवार को “नारी शक्ति सम्मान 2026” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित कर उनके कार्यों की सराहना की गई।कार्यक्रम के दौरान अपग्रेड उच्च विद्यालय बसडीला की प्रधानाचार्या लक्ष्मी पाठक, एस.एस. गर्ल्स हाई स्कूल की संगीत शिक्षिका सुषमा श्रीवास्तव तथा विज्ञान शिक्षिका कुमारी प्रियंका को उनके उल्लेखनीय योगदान और समाज के प्रति समर्पित कार्यों के लिए “नारी शक्ति सम्मान 2026” से सम्मानित किया गया। सम्मानित शिक्षिकाओं को फूलों का गुलदस्ता, शॉल, प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए KBS एकेडमी के प्रबंध निदेशक कुंज बिहारी श्रीवास्तव ने कहा कि महिलाओं की भूमिका समाज और राष्ट्र निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के बिना किसी भी समाज की प्रगति संभव नहीं है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से महिलाओं के योगदान को सम्मान देने के साथ-साथ नई पीढ़ी को भी प्रेरित करने का प्रयास किया जाता है। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने सम्मानित महिलाओं के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, शिक्षक,छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

