बक्सर, 06 दिसंबर (विक्रांत) भारतीय संविधान के निर्माता, भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर आज बक्सर में भव्य श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। सुबह से ही अंबेडकर चौक पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। इसी क्रम में जिला पदाधिकारी बक्सर, डॉ. विद्यानंद सिंह ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, बुद्धिजीवी, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

सभी ने पुष्पांजलि अर्पित कर महामानव के प्रति सम्मान व्यक्त किया। माहौल ‘जय भीम’ के जयघोष से गूंज उठा।जिला पदाधिकारी डॉ. सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. अंबेडकर ने सामाजिक न्याय, समरसता और समानता की जिस राह का निर्माण किया, वही आज भी समाज को दिशा दिखाती है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब का जीवन संघर्ष, उनके विचार और उनका समर्पण हर पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने उपस्थित लोगों से आग्रह किया कि वे संविधान निर्मात्री मूल्यों को व्यवहार में उतारें और समाज के कमजोर व वंचित वर्ग के उत्थान के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनों ने यह संकल्प लिया कि वे डॉ. अंबेडकर के सपनों के अनुरूप न्यायपूर्ण, समावेशी और समानतापूर्ण समाज निर्माण के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे तथा शिक्षा और विकास के अवसर प्रत्येक वर्ग तक पहुँचाने में योगदान देंगे।

