
समस्तीपुर, 28 नवंबर (मोहम्मद जमशेद) शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत सड़क किनारे झुग्गी-झोपड़ी और फूटपाथी दुकानें हटाने को लेकर भाकपा माले के जिला स्थाई समिति सदस्य सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि प्रशासन सिर्फ बस स्टैंड, थानेश्वर स्थान, मालगोदाम चौक और मोहनपुर रोड जैसी जगहों से अतिक्रमण हटाकर वाहवाही लूटना चाहता है, जबकि काशीपुर पोखर, मुसापुर पोखर, पुरानी महिला कॉलेज, मवेशी अस्पताल, चीनी मिल और पेपर मिल जैसी सरकारी जमीन पर अट्टालिकाएँ बनी हुई हैं।
सुरेंद्र प्रसाद ने आरोप लगाया कि प्रशासनिक मिलीभगत से सरकारी जमीन की धड़ल्ले से खरीद-बिक्री हो रही है। बड़ी जमीनों पर महल बनाकर उन्हें अतिक्रमण मुक्त कराने की बजाय सड़क किनारे जीविकापार्जन कर रहे गरीबों और भूमिहीनों को बुलडोजर से हटाया जा रहा है।
उन्होंने चेतावनी दी कि प्रशासन पहले गरीबों को पुनर्वास मुहैया कराए, अन्यथा भाकपा माले जनविरोधी कार्रवाई के खिलाफ आंदोलन करने को बाध्य होगी।

