नई दिल्ली, 20 अक्तूबर (अशोक “अश्क”) भारत का प्रमुख पर्व दीवाली अब विश्वभर में अपनी रौनक बिखेर रहा है। इसका ताजा उदाहरण अमेरिका के नॉर्थ कैरोलाइना में देखने को मिला, जहां दो अमेरिकी मेयरों ने बॉलीवुड गाने पर जमकर डांस किया। यह खास मौका दीवाली से जुड़े एक सांस्कृतिक कार्यक्रम का था, जिसमें कैरी शहर के मेयर हैरॉल्ड वाइनब्रेख्ट और मोरिसविले के मेयर टीजे कॉली ने मंच पर सलमान खान की फिल्म के गाने “चुनरी-चुनरी” पर ठुमके लगाए।

इस डांस का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दोनों मेयर पूरे जोश और उत्साह के साथ भारतीय कलाकारों के साथ ताल मिलाते नजर आ रहे हैं। वहां मौजूद भारतीय समुदाय के लोग इस दृश्य को देखकर बेहद खुश नजर आए और उन्होंने तालियों और हूटिंग से माहौल को और भी रंगीन बना दिया।
इस कार्यक्रम का आयोजन ‘हम सब’ नाम के एक एनजीओ ने किया था, जो नॉर्थ कैरोलाइना में भारतीय संस्कृति और परंपराओं को बढ़ावा देने के लिए काम करता है। जैसे ही कार्यक्रम में बॉलीवुड संगीत गूंजा, दोनों मेयर मंच पर पहुंचे और अपनी मौजूदगी से समां बांध दिया।
मेयर टीजे कॉली ने इस डांस वीडियो को इंस्टाग्राम पर साझा करते हुए लिखा, “मैंने कैरी और मोरिसविले के दोस्तों के साथ डांस कर खूब मजा किया। बारिश के बावजूद शाम शानदार रही।”
वीडियो पर सोशल मीडिया यूजर्स का जबरदस्त रिएक्शन देखने को मिल रहा है। कई लोगों ने मेयरों की इस भागीदारी को सराहा और इसे सांस्कृतिक एकता का प्रतीक बताया। एक यूजर ने कमेंट किया, “यह देखकर आंखों में खुशी के आंसू आ गए। थैंक्यू फॉर स्प्रेडिंग लव।” एक अन्य ने लिखा, “ऐसे ही पल इंसानियत को जोड़ते हैं।”
इस कार्यक्रम ने एक बार फिर साबित कर दिया कि त्योहारों की खुशी और संस्कृति की मिठास सीमाओं की मोहताज नहीं होती। दीवाली का यह जश्न भारतीय परंपरा और वैश्विक भाईचारे का खूबसूरत संगम बन गया।

