नई दिल्ली, 28 नवम्बर (अशोक “अश्क”) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को जोर देकर कहा कि उनका प्रशासन सभी ‘थर्ड वर्ल्ड देशों’ से होने वाले माइग्रेशन को स्थायी रूप से रोकने की दिशा में काम कर रहा है।

उनका कहना है कि यह कदम अमेरिकी सिस्टम को पूरी तरह से ‘रिकवर और रीसेट’ करने के मकसद से उठाया गया है।यह बयान ऐसे समय में आया है, जब एक दिन पहले व्हाइट हाउस के पास अफगान नागरिक की फायरिंग में दो नेशनल गार्ड जवानों में से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। इस घटना के बाद अमेरिकी सरकार ने अफगानिस्तान समेत 19 देशों के प्रवासियों को दी जाने वाली स्थायी निवास (ग्रीन कार्ड) की समीक्षा करने की घोषणा की थी।ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर पोस्ट करते हुए लिखा, “मैं सभी थर्ड वर्ल्ड देशों से माइग्रेशन को स्थायी रूप से रोकूंगा, ताकि अमेरिकी सिस्टम पूरी तरह से ठीक हो सके। मैं बाइडेन के दौर में किए गए लाखों अवैध प्रवेश को खत्म करूंगा, जिनमें स्लीपी जो बाइडेन के ऑटोपेन से मंजूर किए गए मामले भी शामिल हैं।”उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका के लिए उपयोगी नहीं या देश से प्यार नहीं करने वाले सभी लोगों को बाहर किया जाएगा। गैर-नागरिकों को मिलने वाले संघीय लाभ और सब्सिडी समाप्त कर दी जाएगी। घरेलू शांति को नुकसान पहुंचाने वाले प्रवासियों की नागरिकता रद्द की जाएगी और जो विदेशी नागरिक सुरक्षा के लिहाज से खतरा हैं या पश्चिमी सभ्यता के अनुकूल नहीं हैं, उन्हें देश से बाहर किया जाएगा।ट्रंप ने स्पष्ट किया कि इन कदमों का मुख्य उद्देश्य अवैध और अशांति फैलाने वाली आबादी में कटौती करना है, खासकर उन लोगों में जिन्हें कथित तौर पर ‘गैर-कानूनी ऑटोपेन’ प्रक्रिया के जरिए अमेरिका में प्रवेश मिला था। उनके इस बयान को लेकर राजनीतिक हलकों में अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं, जबकि प्रवासी समुदायों में चिंता की लहर दौड़ गई है।

