समस्तीपुर, 30 सितम्बर (मोहम्मद जमशेद) अंजुमन तरक्की-ए-उर्दू, समस्तीपुर के तत्वावधान में रविवार को “राजनीतिक भागीदारी के परिप्रेक्ष्य में अल्पसंख्यक जागरूकता सम्मेलन” का आयोजन हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता असरार दानिश ने की, जबकि संचालन नदीम खान ने किया।

सम्मेलन में जिले के विभिन्न सामाजिक, शैक्षिक व राजनीतिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया और एक स्वर में अल्पसंख्यकों की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने की मांग की। वक्ताओं ने कहा कि समस्तीपुर जिले की 10 विधानसभा सीटों में अल्पसंख्यकों की आबादी महत्वपूर्ण है, फिर भी राजनीतिक प्रतिनिधित्व नहीं मिल रहा।

सम्मेलन में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित हुआ जिसमें JDU से मांग की गई कि आगामी चुनाव में कम से कम एक विधानसभा सीट अल्पसंख्यकों को दी जाए।
जदयू नेता शारिक रहमान लवली ने कहा कि अगर JDU किसी एक सीट से अल्पसंख्यक उम्मीदवार देता है, तो इसका लाभ पूरे जिले में मिलेगा। कारी मोतिउर रहमान, डॉ. बिस्मिल आरफी, मोहम्मद अजीमुद्दीन, दानिश रहमान, मोहम्मद नौशाद, आदिल रहमान, और मोहम्मद समीर ने भी ज़ोरदार ढंग से अपने विचार रखे।
सम्मेलन में एक और प्रस्ताव पारित हुआ, जिसमें अल्पसंख्यक समुदाय ने आगामी विधानसभा चुनाव में JDU को पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की। यह प्रस्ताव जल्द ही ज्ञापन के रूप में पार्टी नेतृत्व को सौंपा जाएगा।

