
बक्सर, 8 जनवरी (विक्रांत) जिले के लिए बुधवार का दिन रोजगार और शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियों का साक्षी बना। एक ओर राजकीय आईटीआई बक्सर के प्रांगण में कैंपस प्लेसमेंट व अप्रेंटिसशिप नियोजन मेले में युवाओं के सपनों को पंख मिले, वहीं दूसरी ओर जिला मुख्यालय में शिक्षा विभाग की प्रथम डिजिटल ई-पत्रिका ‘बोधिका’ का भव्य विमोचन हुआ।

राजकीय आईटीआई बक्सर में आयोजित नियोजन मेले में देश की प्रतिष्ठित कंपनी टाटा मोटर्स लिमिटेड, लखनऊ प्लांट ने भाग लिया। इस अवसर पर कुल 119 अभ्यर्थियों ने चयन प्रक्रिया में हिस्सा लिया। प्रारंभिक स्क्रीनिंग के बाद 92 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया, जबकि 85 युवाओं का अंतिम रूप से चयन कर उन्हें मेडिकल परीक्षण के लिए लखनऊ बुलाया गया है। चयन की खबर मिलते ही बेरोजगार युवाओं में खुशी की लहर दौड़ गई।

यह आयोजन आईटीआई के प्राचार्य मो. मसूद रशीद के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। प्लेसमेंट सेल प्रभारी नीरज कुमार एवं आईटीआई के कर्मियों की सक्रिय भूमिका को सराहा गया।इसी दिन जिला मुख्यालय स्थित सभागार में शिक्षा विभाग की मासिक ई-पत्रिका ‘बोधिका’ के प्रवेशांक का संयुक्त रूप से विमोचन जिलाधिकारी साहिला, अपर समाहर्ता अरुण कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी संदीप रंजन सहित अन्य अधिकारियों द्वारा किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि ई-पत्रिका ज्ञान, अनुभव और सूचना के प्रसार का आधुनिक एवं प्रभावी माध्यम है।

जिला शिक्षा पदाधिकारी ने इसे विद्यालयी गतिविधियों का दर्पण बताया।जिला कार्यक्रम पदाधिकारी चन्दन कुमार द्विवेदी ने बताया कि बिहार शिक्षा परियोजना बक्सर के तत्वावधान में प्रकाशित ‘बोधिका’ जिले की पहली पूर्णतः डिजिटल शैक्षिक ई-पत्रिका है, जो शिक्षा को नवाचार, संस्कार और तकनीक से जोड़ती है। इसमें शिक्षण-अधिगम, योग, विज्ञान प्रदर्शनी, नागरिक बोध, कला, कविता, परीक्षा तैयारी और जिले की शैक्षिक गतिविधियों को समर्पित विविध स्तंभ शामिल हैं। QR कोड और यूज़र-फ्रेंडली नेविगेशन के साथ यह पत्रिका शिक्षा को नई दिशा देने की सशक्त पहल मानी जा रही है।

