
समस्तीपुर, 24 फरवरी (हर्षिता “अश्क”) भारतीय रेल ने यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सख्त कदम उठाते हुए रात्रिकालीन औचक निरीक्षण की नई व्यवस्था लागू कर दी है। अब रात 12 बजे से सुबह 4 बजे तक स्टेशनों, रेलवे फाटकों और ड्यूटी पर तैनात रेलकर्मियों की कार्यप्रणाली की बारीकी से जांच हो रही है।

रेलवे सूत्रों के अनुसार, प्रत्येक माह की शुरुआत में सुपरवाइजर से लेकर शीर्ष अधिकारियों तक का गोपनीय ड्यूटी रोस्टर जारी किया जाता है। इसी आधार पर अधिकारी अचानक निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार कर रहे हैं। कई अधिकारी लोको पायलट और गार्ड कोच में बैठकर जमीनी हकीकत परख रहे हैं।

अभियान के तहत नयानगर रेलवे स्टेशन समेत कई स्टेशनों की जांच की जा चुकी है। लापरवाही मिलने पर कुछ कर्मियों का तबादला भी किया गया है। एडीआरएम से लेकर डीआरएम स्तर तक अधिकारी खुद ट्रैक पर उतर रहे हैं।संदेश स्पष्ट है—सुरक्षा से समझौता नहीं। अब स्टेशन की टिमटिमाती रोशनी के नीचे जवाबदेही की कड़ी निगरानी भी तैनात है।

