पटना, 13 दिसम्बर (पटना डेस्क) बिहार में सुबह-सुबह घने कोहरे ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया। राज्य के 10 से अधिक शहरों में कोहरा छाया रहा। बेगूसराय और बक्सर में विजिबिलिटी शून्य रिकॉर्ड की गई। कोहरे के चलते आरा–मोहनिया फोरलेन पथ पर एक के बाद एक चार गाड़ियां आपस में टकरा गईं, जिससे हड़कंप मच गया।आरा के कोइलवर पुल की ओर से छपरा मोड़ की तरफ जा रहे एक कंटेनर ने सड़क किनारे खड़े ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि कंटेनर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में चालक और क्लीनर केबिन में फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा।उधर पटना के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत मोकामा थाना क्षेत्र में फोरलेन पर घने कोहरे के कारण दो ट्रक और एक हाइवा की आपस में टक्कर हो गई। दुर्घटना में दो चालकों के पैर टूट गए, जबकि दो खलासी घायल हो गए। पुलिस ने लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की है।

