
बक्सर, 30 जनवरी (विक्रांत) इंटरमीडिएट वार्षिक (सैद्धान्तिक) परीक्षा 2026 को स्वच्छ, शांतिपूर्ण और पूरी तरह कदाचारमुक्त कराने के लिए बक्सर प्रशासन ने अभूतपूर्व सख्ती का ऐलान किया है। परीक्षा को लेकर किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिला दंडाधिकारी बक्सर श्रीमती साहिला और पुलिस अधीक्षक श्री शुभम आर्य ने संयुक्त रूप से समाहरणालय सभाकक्ष में सभी दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और परीक्षा से जुड़े कर्मियों की विस्तृत ब्रीफिंग कर कड़े निर्देश जारी किए।

इंटरमीडिएट परीक्षा 2 फरवरी से 13 फरवरी 2026 तक दो पालियों में आयोजित होगी। प्रथम पाली सुबह 9:30 बजे से 12:45 बजे तक और द्वितीय पाली दोपहर 2:00 बजे से 5:15 बजे तक चलेगी। बक्सर अनुमंडल में 22 और डुमरांव अनुमंडल में 10 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 24,302 परीक्षार्थी शामिल होंगे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षार्थियों को जूता-मोजा पहनकर परीक्षा भवन में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। निर्धारित समय से विलंब से पहुंचने वाले परीक्षार्थियों को किसी भी स्थिति में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। परीक्षा केंद्र का मुख्य द्वार प्रथम पाली में सुबह 9:00 बजे और द्वितीय पाली में दोपहर 1:30 बजे बंद कर दिया जाएगा।

इसके बाद जबरन प्रवेश करने या चहारदीवारी कूदने की कोशिश को आपराधिक अतिक्रमण मानते हुए प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।प्रत्येक परीक्षार्थी की दो स्तरों पर सघन तलाशी होगी। प्रवेश द्वार पर पुलिस और दंडाधिकारी द्वारा फ्रिस्किंग की जाएगी, जबकि परीक्षा कक्ष में बैठने के बाद वीक्षकों द्वारा पुनः तलाशी ली जाएगी। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट और किसी भी प्रकार की नकल सामग्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। परीक्षार्थी और वीक्षक दोनों के लिए मोबाइल ले जाना सख्त वर्जित है।परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा-163 लागू रहेगी। फोटोस्टेट दुकानों, लॉज और होटलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी ताकि इम्परसोनेशन या नकल की किसी साजिश को समय रहते रोका जा सके। सोशल मीडिया पर भी साइबर थाना और साइबर सेनानी व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से कड़ी नजर रखी जाएगी।

प्रशासनिक स्तर पर बक्सर अनुमंडल में 4 जोन और 2 सुपर जोन, जबकि डुमरांव अनुमंडल में 2 जोन और 1 सुपर जोन गठित किए गए हैं। सभी जोनल और सुपर जोनल दंडाधिकारी लगातार भ्रमणशील रहेंगे। प्रति 500 परीक्षार्थियों पर एक वीडियोग्राफर की तैनाती सुनिश्चित की गई है।परीक्षा अवधि में निर्बाध बिजली आपूर्ति, अग्निशमन वाहन की उपलब्धता, एम्बुलेंस और चिकित्सक टीम की तैनाती भी सुनिश्चित की गई है। समाहरणालय स्थित जिला नियंत्रण कक्ष 24 घंटे सक्रिय रहेगा।प्रशासन ने दो टूक कहा है कि बिहार विद्यालय परीक्षा संचालन अधिनियम, 1981 के तहत किसी भी प्रकार की नकल या कदाचार पर कठोर कानूनी कार्रवाई होगी। बक्सर प्रशासन का संदेश साफ है—इस बार परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी होगी और नकल करने वालों के लिए कोई जगह नहीं।

