पटना, 17 अक्टूबर (पटना डेस्क) शहर के बाजार समिति मैदान में एनडीए समर्थित राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रत्याशी प्रशांत पंकज के समर्थन में नामांकन सभा का आयोजन किया गया। सभा की अध्यक्षता रालोमो जिलाध्यक्ष विनोद चौधरी निषाद, भाजपा जिलाध्यक्ष शशिधर झा एवं जदयू जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय ने संयुक्त रूप से की। मंच संचालन मनोहर सिंह व कृष्ण देव राय ने किया।

सभा में पहुंचे बिहार सरकार के मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि बिहार बीते 20 वर्षों में विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुंचा है। इसे बनाए रखने के लिए एनडीए सरकार को दोबारा लाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि उजियारपुर अब भी विकास से पीछे है, इसलिए प्रशांत पंकज को भारी मतों से जीत दिलाएं।

राज्यसभा सांसद रामनाथ ठाकुर ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में बिहार का चौमुखी विकास हुआ है। इसे जारी रखने के लिए नीतीश सरकार की वापसी जरूरी है। उन्होंने एनडीए उम्मीदवार के समर्थन में मतदान की अपील की।
सभा को एनडीए के कई अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया और प्रशांत पंकज को विजयी बनाने की अपील की।

