समस्तीपुर, 29 अक्टूबर (समस्तीपुर डेस्क) बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तैयारी जोरों पर है। इस बार चुनाव दो चरणों में, यानी 6 नवंबर और 11 नवंबर को पूरे राज्य में आयोजित होंगे। उजियारपुर विधानसभा क्षेत्र में भी चुनावी माहौल गर्म है। इस सीट पर राजद से आलोक कुमार मेहता, एनडीए से प्रशांत पंकज और जनसुराज से दुर्गा प्रसाद सिंह चुनावी मैदान में हैं।

दुर्गा प्रसाद सिंह कल भगवानपुर कमला पंचायत के छठ घाट पहुंचे थे, जहां उनका ग्रामीणों ने विरोध किया। छठ घाट पर उन्हें देखते ही कुछ ग्रामीण आक्रोशित हो गए और विरोध प्रदर्शन करने लगे। इस दौरान दुर्गा प्रसाद सिंह को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
मौके पर मौजूद समाजसेवी राजू सहनी ने स्थिति को नियंत्रित किया और ग्रामीणों को शांत कर मामले को बिगड़ने से रोका। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रत्याशी के साथ इस तरह की घटना नहीं होनी चाहिए और ऐसी घटनाओं की सख्त निंदा की जानी चाहिए।
उजियारपुर विधानसभा में यह घटना चुनावी उत्साह और गहमागहमी के बीच एक चेतावनी भी है कि चुनावी प्रक्रिया के दौरान सभी पक्षों और मतदाताओं को संयम और शांतिपूर्ण व्यवहार बनाए रखना चाहिए। समाजसेवी और स्थानीय लोगों की सक्रियता से ही ऐसे विवादों को समय रहते संभाला जा सकता है।

