नई दिल्ली, 07 नवम्बर (अशोक “अश्क”) उत्तर कोरिया ने शुक्रवार को एक शॉर्ट-रेंज बैलिस्टिक मिसाइल दागी, जिसे जापान और दक्षिण कोरिया दोनों ने कन्फर्म किया है। यह मिसाइल जापान के विशेष आर्थिक क्षेत्र (EEZ) के बाहर समुद्र में गिरी, जिससे किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है। जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची ने कहा कि “स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है और अब तक किसी क्षति की कोई रिपोर्ट नहीं मि. ली है।”
जापान के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, मिसाइल उत्तर कोरिया के पश्चिमी तट से दागी गई और पूर्व दिशा में लगभग 450 किलोमीटर तक गई। वहीं, दक्षिण कोरिया की सेना ने बताया कि मिसाइल चीन की सीमा के पास उत्तर-पश्चिम इलाके से छोड़ी गई और करीब 700 किलोमीटर तक उड़ान भरी। सियोल ने कहा कि इस लॉन्च की जानकारी अमेरिका और जापान के साथ साझा की गई है।

यह मिसाइल परीक्षण ऐसे समय हुआ है जब उत्तर कोरिया हाल के हफ्तों में अपनी सैन्य गतिविधियां तेज कर चुका है। 28 अक्टूबर को उसने परमाणु-सक्षम समुद्र से दागी जाने वाली क्रूज मिसाइलों का परीक्षण किया था, जिसे अंतरराष्ट्रीय समुदाय ने अमेरिका को सीधा संदेश माना था। उस समय पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप टोक्यो में प्रधानमंत्री ताकाइची से मुलाकात कर रहे थे।
गौरतलब है कि ताकाइची के प्रधानमंत्री बनने के तुरंत बाद भी उत्तर कोरिया ने कई शॉर्ट-रेंज मिसाइलें दागी थीं। विशेषज्ञों का मानना है कि शुक्रवार का यह लॉन्च ट्रंप की इंडो-पैसिफिक यात्रा के बाद उत्तर कोरिया की शक्ति प्रदर्शन की रणनीति का हिस्सा है। सियोल की खुफिया एजेंसी के मुताबिक, मार्च के बाद ट्रंप और किम जोंग-उन के बीच संभावित शिखर वार्ता हो सकती है।

