नई दिल्ली, 15 सितंबर (अशोक “अश्क”) उत्तर बिहार के लोगों को आने वाले सप्ताह में मौसम की बड़ी चुनौती का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग ने सोमवार से गुरुवार तक पूरे उत्तर बिहार के 19 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। खासतौर पर किशनगंज, अररिया, पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, वैशाली, छपरा, समस्तीपुर और खगड़िया जिलों में एक-दो स्थानों पर अत्यधिक वर्षा की आशंका जताई गई है।

सोमवार को पूरे राज्य में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने के साथ भारी बारिश की संभावना है। रविवार को प्रदेश के 35 जिलों में बारिश दर्ज की गई, जिसमें औसतन 11.5 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड हुई। किशनगंज के तैयबपुर में सर्वाधिक 299.6 मिमी और ठाकुरगंज में 221.6 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिससे स्थानीय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
राजधानी पटना में भी रविवार को दोपहर बाद झमाझम बारिश हुई। जिससे तापमान में गिरावट तो आई, लेकिन जलजमाव की समस्या ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। रविवार को अधिकतम तापमान 31.8°C और न्यूनतम तापमान 27.1°C दर्ज किया गया। बारिश के चलते फल मंडियों और बाजारों के आसपास कीचड़ और जलजमाव की स्थिति बन गई।
जगदेव पथ, पुनाईचक, शिवपुरी, अंटा घाट, मुसल्लहपुर हाट और बाजार समिति जैसे इलाकों में सड़कें जलमग्न हो गईं। दानापुर के आरपीएस मोड़ के पास भी सड़क पर पानी जमा हो गया, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ।
पटना नगर निगम और बुडको ने जलनिकासी की तैयारियों को लेकर कमर कस ली है। नगर आयुक्त अनिमेष कुमार पराशर के अनुसार, सभी संप हाउस को सक्रिय किया गया है और क्यूआरटी की टीमें जलनिकासी में लगी हुई हैं। कमांड सेंटर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
पहले तीज और अब नवरात्र जैसे त्योहारों के पहले राजधानी में हो रही बारिश ने सफाई और जलनिकासी को लेकर नगर निगम की चुनौती बढ़ा दी है। अजीमाबाद अंचल के कई मोहल्लों में जलजमाव की स्थिति बनी हुई है, जहां पिछले दो महीने से स्थिति सामान्य नहीं हो सकी है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार दिनों तक लगातार बारिश जारी रहने की संभावना है। ऐसे में आम लोगों को सतर्क रहने और प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।

