नई दिल्ली, 26 नवम्बर (अशोक “अश्क”) पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी के चलते उत्तर भारत में ठंड बढ़ने लगी है, जबकि बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान बनने की आशंका के बीच मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान और मध्य प्रदेश के लिए अलर्ट जारी किया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 26-29 नवंबर तक भारी बारिश की संभावना है।

दिल्ली-एनसीआर में हवाओं की गति 8 से बढ़कर 12 किलोमीटर प्रति घंटे हो गई है। दिन में धूप होने के बावजूद ठंड का अहसास बना हुआ है। तापमान में फिलहाल बड़ी गिरावट नहीं आई है, लेकिन बुधवार से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट का अनुमान है। उत्तर प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में सुबह कोहरा छा सकता है।
प्रदेश के कई जिलों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। बाराबंकी और कानपुर में 8 डिग्री सेल्सियस, बरेली में 8.6, इटावा और मुजफ्फरनगर में 9 डिग्री, मेरठ में 9.1 और आजमगढ़ में 10 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।
मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह के अनुसार अगले 1-2 दिनों में तापमान में सुधार की संभावना है। उत्तर-पश्चिमी दिशा से चल रही ठंडी हवाएं तापमान गिरने का मुख्य कारण हैं। मध्य प्रदेश में भी शीतलहर का असर दिखा है, जहां रीवा संभाग के नौगांव में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री, मुरैना में 9.4 डिग्री और रीवा में 8.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

