
बक्सर, 13 जनवरी (विक्रांत) रेल संरक्षा के क्षेत्र में सतर्कता और कर्तव्यनिष्ठा का उदाहरण पेश करने वाले दानापुर मंडल के पांच रेलकर्मियों को मंडल रेल प्रबंधक श्री विनोद कुमार ने सम्मानित किया। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के सभागार में आयोजित समारोह में इन कर्मियों को प्रशस्ति पत्र और नगद राशि देकर पुरस्कृत किया गया।इन रेलकर्मियों ने बीते दिनों मंडल के विभिन्न हिस्सों में समय रहते रेल पथ में आई गंभीर खामियों को पहचान कर संभावित रेल दुर्घटनाओं को टाल दिया।

27 मई 2025 को एसएसई/पीवे/दानापुर के अधीन कार्यरत मोहम्मद असलम ने किलोमीटर संख्या 581/30-32 पर रेल में क्रैक देखा और तत्काल संरक्षा कर बड़ी दुर्घटना रोक दी। इसी तरह 24 नवंबर 2025 को एसएसई/पीवे/मोकामा के अंतर्गत रात्रि पेट्रोलिंग कर रहे रंजीत कुमार और राजीव कुमार ने किलोमीटर संख्या 453/29-31 पर टूटा रेल पथ देखा और समय रहते कार्रवाई की।

25 नवंबर 2025 को ट्रैक मेंटेनर सुरेश पासवान ने किलोमीटर 443/1-3 पर क्रैक पकड़कर खतरे को टाला। वहीं 13 नवंबर 2025 को अजय कुमार ने किलोमीटर 582/32-34 पर रेल पथ की खामी पहचानकर संरक्षित किया।इस अवसर पर डीआरएम ने सभी रेलकर्मियों की सजगता की सराहना करते हुए कहा कि उनकी तत्परता से यात्रियों की जान सुरक्षित रही। समारोह में वरीय मंडल अभियंता प्रवीण कुमार आलोक और वरीय मंडल संरक्षा अधिकारी प्रेम रंजन भी उपस्थित थे।

