
पटना, 12 मार्च (अविनाश कुमार) बिहार के रोहतास जिले से सरकारी भर्ती प्रक्रिया में बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। जिला सत्र न्यायालय की चतुर्थ श्रेणी भर्ती परीक्षा के एडमिट कार्ड में अभ्यर्थी की फोटो की जगह कुत्ते की तस्वीर छप जाने से हड़कंप मच गया है। यह अजीबोगरीब मामला सामने आते ही सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जहां लोग सिस्टम पर सवाल उठाने के साथ-साथ मजाक भी बना रहे हैं।मामला रोहतास जिले के बिक्रमगंज प्रखंड के धावा गांव के एक अभ्यर्थी से जुड़ा है।

अभ्यर्थी ने वर्ष 2022 में जिला सत्र न्यायालय की चतुर्थ श्रेणी भर्ती के लिए आवेदन किया था। चार साल बाद अब प्रारंभिक परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जारी किया गया, लेकिन जब अभ्यर्थी ने इसे डाउनलोड किया तो वह हैरान रह गया। एडमिट कार्ड में उसका नाम, रोल नंबर और अन्य विवरण तो सही थे, लेकिन फोटो की जगह कुत्ते की तस्वीर लगी हुई थी।अभ्यर्थी को 15 मार्च को होने वाली परीक्षा में शामिल होना है। परीक्षा की तारीख नजदीक होने के कारण वह काफी परेशान है और फोटो ठीक कराने के लिए लगातार सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगा रहा है।

उसने संबंधित भर्ती बोर्ड में शिकायत भी दर्ज कराई है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।पीड़ित अभ्यर्थी का कहना है कि चार साल बाद जब एडमिट कार्ड मिला तो उसमें इतनी बड़ी गलती सामने आ गई। उसका कहना है कि समझ नहीं आ रहा कि परीक्षा की तैयारी करे या फोटो ठीक कराने के लिए दफ्तरों के चक्कर लगाए।इस बीच सोशल मीडिया पर यह मामला चर्चा का विषय बन गया है। कई यूजर भर्ती प्रक्रिया की लापरवाही पर सवाल उठा रहे हैं, जबकि कुछ लोग इस खबर को लेकर मजाक भी कर रहे हैं। हालांकि अभ्यर्थी का कहना है कि उसकी परेशानी समझने के बजाय लोग उसका मजाक बना रहे हैं।

