
मोतिहारी, 15 जनवरी (निज संवाददाता) पूर्वी चंपारण जिले से गुजर रहे राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 27 पर बाइक से खतरनाक स्टंट करना युवकों को भारी पड़ गया। सोशल मीडिया पर स्टंट का वीडियो वायरल होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो मोटरसाइकिलों के साथ दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक युवक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।घटना कोटवा थाना क्षेत्र की है, जहां युवकों की एक टोली एनएच-27 पर तेज रफ्तार में बाइक से जानलेवा स्टंट करती नजर आई। चौंकाने वाली बात यह रही कि स्टंट करते युवक कोटवा थाना की डायल-112 पुलिस वाहन के बगल से गुजर गए, लेकिन पुलिस वाहन ने तत्काल कोई कार्रवाई नहीं की।

इसी दौरान किसी राहगीर ने वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो संज्ञान में आते ही मोतिहारी के पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर जांच शुरू की गई। वायरल फुटेज में दिख रही यामाहा और पल्सर बाइक की पहचान के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राहुल कुमार, निवासी पिपराकोठी थाना क्षेत्र, और विवेक कुमार, निवासी छतौनी थाना क्षेत्र को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को बाइक सहित हिरासत में लिया गया है।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर इस तरह की स्टंटबाज़ी गंभीर अपराध है, जो आम लोगों की जान जोखिम में डालती है। युवाओं से अपील की गई है कि सोशल मीडिया की लोकप्रियता के चक्कर में कानून न तोड़ें, अन्यथा सख्त कार्रवाई तय है।

