
पटना, 30 जनवरी (अविनाश कुमार) बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए शिक्षा विभाग में हड़कंप मचा दिया है। विजिलेंस ने बक्सर जिले के ब्रह्मपुर प्रखंड में पदस्थापित प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (BEO) को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

आरोपी अधिकारी एक शिक्षक से बकाया एरियर भुगतान के बदले लगातार घूस की मांग कर रहा था।निगरानी ब्यूरो की मुख्यालय टीम ने बुधवार 29 जनवरी 2026 को ब्रह्मपुर प्रखंड कार्यालय में छापेमारी कर कल्याण पदाधिकारी सह BEO एकता भाईकेन्द्र लक्की को उनके कार्यालय कक्ष से 10,000 रुपये रिश्वत लेते हुए दबोच लिया। इस संबंध में निगरानी थाना कांड संख्या 11/26 दर्ज किया गया है।मामले के शिकायतकर्ता स्वर्गीय बबनजी पाठक के पुत्र सुधीर कुमार पाठक हैं, जो मिडिल स्कूल गयाघाट में शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं।

उन्होंने आरोप लगाया था कि 4,63,587 रुपये के एरियर भुगतान के लिए BEO रिश्वत मांग रहा है।शिकायत सत्य पाए जाने पर निगरानी पुलिस उपाधीक्षक रीता सिन्हा के नेतृत्व में ट्रैप टीम गठित की गई। तय योजना के तहत जैसे ही आरोपी ने रिश्वत ली, टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तारी के बाद पूछताछ जारी है और आरोपी को विशेष निगरानी न्यायालय में पेश किया जाएगा। विजिलेंस के अनुसार जनवरी 2026 में यह भ्रष्टाचार के खिलाफ 11वीं प्राथमिकी है, जिनमें अधिकांश मामले रंगे हाथ गिरफ्तारी से जुड़े हैं।

