नई दिल्ली, 14 नवम्बर (अशोक “अश्क”) भारत के 14 वर्षीय प्रतिभाशाली बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने कतर की राजधानी दोहा में आयोजित एशिया कप राइजिंग स्टार्स टी20 टूर्नामेंट में यूएई के खिलाफ ऐसा तूफ़ानी प्रदर्शन किया, जिसने पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। इंडिया ए की ओर से पारी की शुरुआत करने उतरे वैभव ने शुरुआत से ही विस्फोटक अंदाज अपनाया और यूएई के गेंदबाजों पर चौकों-छक्कों की बारिश कर दी। टीम के कप्तान जीतेश शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, जिसके बाद वैभव ने मैदान पर उतरते ही मैच का रुख बदल दिया।

दूसरे ओवर में प्रियांश आर्य रन आउट होकर लौट गए, लेकिन वैभव ने एक छोर मजबूती से थामे रखा। उन्होंने महज 32 गेंदों में 10 चौके और 9 छक्के जमाते हुए अपना शतक पूरा किया और टीम को 9.3 ओवर में 147 रन तक पहुंचाया। शतक के बाद भी उनकी रफ्तार कम नहीं हुई। अगले 11 गेंदों में उन्होंने शानदार अंदाज में रन बटोरे और 42 गेंदों में 144 रन की ऐतिहासिक पारी खेलकर आउट हुए। उनकी पारी में 15 चौके और 11 बड़े छक्के शामिल थे।
जब वैभव पवेलियन लौटे, तब टीम का स्कोर 12.3 ओवर में 195/3 था। इसके बाद कप्तान जीतेश शर्मा ने भी तूफानी बल्लेबाजी जारी रखी और 32 गेंदों में नाबाद 83 रन जड़े। उनके साथ नमन धीर ने 34, नेहाल वढेरा ने 14 और रमनदीप सिंह ने 6 रन का योगदान दिया।
इंडिया ए ने निर्धारित 20 ओवर में 297/4 का विशाल स्कोर खड़ा किया, जिसमें वैभव की विस्फोटक पारी सबसे बड़ी पहचान बनकर उभरी।

