नई दिल्ली, 16 नवम्बर (अशोक “अश्क”) क्रिकेट प्रेमियों के लिए आज का दिन बेहद खास और रोमांच से भरा होने वाला है। एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2025 में आज ग्रुप-बी का छठा मैच भारत A और पाकिस्तान A के बीच खेला जाएगा। मुकाबला दोहा के वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भारतीय समयानुसार रात 8 बजे शुरू होगा। दोनों टीमों के युवा खिलाड़ियों के बीच यह भिड़ंत टूर्नामेंट का सबसे रोमांचक मैच माना जा रहा है।

भारत A की निगाहें एक बार फिर युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी पर होंगी, जिन्होंने यूएई के खिलाफ सिर्फ 42 गेंदों में 144 रन की धमाकेदार और रिकॉर्डतोड़ पारी खेलकर सबको हैरान कर दिया था। 15 छक्कों से सजी इस पारी ने न सिर्फ उन्हें सुर्खियों में ला दिया, बल्कि वे सीनियर स्तर पर सबसे कम उम्र का शतक जमाने वाले भारतीय खिलाड़ी भी बने। भारत A ने टूर्नामेंट के पहले मैच में यूएई को 148 रनों से हराकर मजबूत शुरुआत की थी, जिसमें वैभव की विस्फोटक बल्लेबाजी अहम रही।
दूसरी ओर, पाकिस्तान A भी कम नहीं है। टीम में इरफान खान जैसे हार्ड-हिटर हैं, जो किसी भी गेंदबाजी आक्रमण को तहस-नहस करने की क्षमता रखते हैं। क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि यह मुकाबला दोनों देशों की उभरती प्रतिभाओं के बीच कड़ी टक्कर का गवाह बनेगा। सभी की नजर एक बार फिर वैभव सूर्यवंशी पर रहेगी, जो आज भी मैदान पर धमाल मचा सकते हैं।
भारतीय दर्शक इस मैच का लाइव आनंद Sony Sports Ten 1 SD/HD पर ले सकते हैं, जबकि हिंदी कमेंट्री Sony Sports 3 पर उपलब्ध होगी। युवा खिलाड़ियों के लिए यह बड़ा मंच है और उनके प्रदर्शन से भविष्य के सितारों की झलक मिल सकती है।
भारत A स्क्वॉड: प्रियांश आर्य, वैभव सूर्यवंशी, नेहाल वढेरा, नमन धीर, जितेश शर्मा (कप्तान/विकेटकीपर), रमनदीप सिंह, आशुतोष शर्मा, हर्ष दुबे, यश ठाकुर, गुरजपनीत सिंह, सुयश शर्मा, विजयकुमार वैशाक, युद्धवीर सिंह चरक, अभिषेक पोरेल, सूर्यांश शेडगे।
पाकिस्तान शाहीन्स स्क्वॉड: यासिर खान, मोहम्मद नईम, मोहम्मद फैक, माज़ सदाकत, गाजी घोरी (विकेटकीपर), इरफान खान (कप्तान), साद मसूद, मुबासिर खान, उबैद शाह, अहमद दानियाल, मोहम्मद सलमान, खुर्रम शहज़ाद, मुहम्मद शहज़ाद, शाहिद अज़ीज़, अराफात मिन्हास, सुफियान मुकीम।

