गोपालगंज, 29 अगस्त (सेंट्रल डेस्क) बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के खिलाफ इंडिया गठबंधन की वोटर अधिकार यात्रा अब जन आंदोलन का रूप लेती जा रही है। यात्रा के 13वें दिन गोपालगंज पहुंचे भाकपा (माले) महासचिव का. दीपंकर भट्टाचार्य ने कहा कि यह सिर्फ एक यात्रा नहीं, बल्कि एक आंदोलन का झंझावात है, जो लोकतंत्र पर किए जा रहे हमलों के खिलाफ खड़ा हो गया है।

दीपंकर भट्टाचार्य ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग के माध्यम से बिहार में मतदाता सूची से 20% लोगों के नाम काटने की साजिश रची गई थी। उन्होंने कहा, “जीवित लोगों को मृत, प्रवासी मजदूरों को बाहरी और बड़ी संख्या में महिलाओं को मतदाता सूची से बाहर किया गया है। यह लोकतंत्र की हत्या है और हम इसका जवाब देंगे।”
उन्होंने कहा कि इस साजिश के खिलाफ हम बीएलओ, सीईओ से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक लड़ाई लड़ रहे हैं। भट्टाचार्य ने केंद्र की मोदी सरकार और बिहार की नीतीश सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि “पिछले 20 वर्षों का तथाकथित सुशासन असल में जनता के साथ धोखा साबित हुआ है।” उन्होंने जनता से आह्वान किया कि 2025 के चुनाव में अमन, इंसाफ, विकास और रोजगार के लिए बदलाव जरूरी है।
उन्होंने कहा, “बिहार में हम ऐसी सरकार बनाना चाहते हैं जो गरीबों, मजदूरों, छात्रों, महिलाओं और किसानों के अधिकारों की रक्षा करे और संविधान व लोकतंत्र की विरासत को बचाए।”
वोटर अधिकार यात्रा शुक्रवार को बेतिया से शुरू होकर गोपालगंज होते हुए सिवान पहुंची। इस दौरान हरिवाटिका, राजवाही, यादवपुर, गांधी कॉलेज, मउनिया चौक, अम्बेडकर चौक, थावे, मीरगंज और बबुनिया चौक समेत दर्जनों स्थानों पर स्थानीय लोगों ने यात्रा का जोशीला स्वागत किया।
यात्रा में भाकपा (माले) पोलित ब्यूरो सदस्य धीरेन्द्र झा, एमएलसी एवं स्कीम वर्कर्स फेडरेशन की राष्ट्रीय महासचिव शशि यादव, केंद्रीय कमेटी सदस्य संतोष सहर समेत कई नेता शामिल रहे।
मीरगंज में आशा कार्यकर्ताओं ने यात्रा में शामिल शशि यादव का भव्य स्वागत किया। जिला अध्यक्ष सीता पाल की अगुवाई में दर्जनों आशा कर्मियों ने उन्हें अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया और उनके संघर्ष को सलाम किया।
पूरे रास्ते पर ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’, ‘संविधान बचाओ, वोटर बचाओ’ जैसे नारों से माहौल जोशीला बना रहा। हजारों लोगों ने राहुल गांधी, तेजस्वी यादव और दीपंकर भट्टाचार्य के समर्थन में यात्रा में भाग लेकर लोकतंत्र बचाने का संकल्प लिया।

