
बक्सर, 15 जनवरी (विक्रांत) दानापुर मंडल यात्रियों की सुविधा को लेकर हमेशा सजग रहने का दावा करता है। यात्रा की शुरुआत से गंतव्य तक समय पर पहुंचाने के लिए विभिन्न मंडलों से समन्वय किया जाता है। लेकिन इन दिनों आवांछित तत्वों द्वारा एसीपी कर ट्रेनों को जानबूझकर रोका जा रहा है। 14 जनवरी को एसीपी के कारण दानापुर मंडल में कई प्रमुख ट्रेनें विलंबित रहीं। विक्रमशिला एक्सप्रेस, श्रमजीवी एक्सप्रेस, पंजाब मेल, राजगीर एक्सप्रेस और जयनगर पटना एक्सप्रेस समयपालन नहीं कर सकीं।

नालंदा, सिलाव, बिहटा, खुसरूपुर, बख्तियारपुर और तिलैया सहित कई स्टेशनों पर 5 से 32 मिनट तक की देरी दर्ज की गई। रेल सुरक्षा बल और जीआरपी द्वारा ट्रेनों की एस्कॉर्टिंग कर निगरानी बढ़ाई गई है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि अनावश्यक एसीपी करने वालों पर रेल अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई होगी। एसीपी से मरीज, छात्र और कर्मचारी समय पर अस्पताल, परीक्षा, साक्षात्कार और कार्यालय नहीं पहुंच पाते।

हाल ही में एक छात्र की कनेक्टिंग ट्रेन छूटने से उसकी नौकरी का सपना टूट गया, जिससे लोगों में आक्रोश है। दानापुर मंडल ने यात्रियों से सहयोग और जिम्मेदारी निभाने की अपील दोहराई है, ताकि सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित हो।

