
नई दिल्ली, 22 जनवरी (सेंट्रल डेस्क) झारखंड चाईबासा के पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा जंगल में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। गुरुवार को हुए भीषण मुठभेड़ में भाकपा (माओवादी) के केंद्रीय कमेटी सदस्य व एक करोड़ रुपये के इनामी नक्सली अनल दा उर्फ पतिराम मांझी को मार गिराया है।

इस एनकाउंटर में उसके साथ मौजूद 16 अन्य नक्सली भी ढेर कर दिए गए, जिनमें कई इनामी नक्सली बताए जा रहे हैं।यह कार्रवाई छोटानागरा थाना क्षेत्र के कुंभडीह गांव के पास की गई। खुफिया सूचना के आधार पर झारखंड पुलिस की विशेष इकाई जगुआर,कोबरा बटालियन और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया।

इसी दौरान नक्सलियों से आमने-सामने की मुठभेड़ हो गई।सुबह से शुरू हुई मुठभेड़ में दोनों ओर से भारी गोलीबारी होती रही। कई घंटे तक चले ऑपरेशन के बाद सुरक्षाबलों ने नक्सलियों को पूरी तरह घेर लिया। एनकाउंटर के बाद चलाए गए सर्च ऑपरेशन में एके-47, इंसास राइफल, एसएलआर समेत बड़ी संख्या में हथियार,विस्फोटक सामग्री और सैकड़ों कारतूस बरामद किए गए हैं।

सुरक्षा एजेंसियों ने बताया कि ‘ऑपरेशन ब्लैक फॉरेस्ट’ पूरी तरह सफल रहा है और इलाके में अभी भी सर्च ऑपरेशन जारी है। अधिकारियों के मुताबिक यह कार्रवाई नक्सली संगठन के लिए बड़ा झटका है और इससे सारंडा क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा।

