पटना, 26 अक्टूबर (पटना डेस्क) दक्षिण मध्य रेलवे ने एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए ‘औरंगाबाद रेलवे स्टेशन’ का नाम बदलकर ‘छत्रपति संभाजीनगर रेलवे स्टेशन’ कर दिया है। रेलवे के अनुसार, यह नाम परिवर्तन औपचारिक रूप से लागू हो चुका है और स्टेशन परिसर के सभी साइनबोर्ड, टिकटिंग सिस्टम, घोषणाओं तथा डिजिटल प्लेटफॉर्म पर नया नाम अपडेट किया जा रहा है।

आधिकारिक नोटिस में कहा गया है कि नांदेड मंडल के अंतर्गत आने वाले ‘औरंगाबाद’ रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर ‘छत्रपति संभाजीनगर’ कर दिया गया है। इसके साथ ही स्टेशन का नया कोड CPSN निर्धारित किया गया है। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि नाम परिवर्तन की सभी प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई हैं।
रेलवे ने स्पष्ट किया कि यह फैसला महाराष्ट्र सरकार की अनुशंसा और भारत सरकार के गृह मंत्रालय की स्वीकृति के बाद लिया गया है। नया नाम मराठा साम्राज्य के वीर योद्धा छत्रपति संभाजी महाराज की वीरता, त्याग और ऐतिहासिक योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से रखा गया है। अब यात्रियों को टिकट, घोषणाओं और सूचना पट्टों पर स्टेशन का नाम ‘छत्रपति संभाजीनगर’ दिखाई और सुनाई देगा।
अधिकारियों ने बताया कि रेलवे ने सभी प्लेटफॉर्मों और ट्रेनों में घोषणाओं को नए नाम से अपडेट कर दिया है। इसके साथ ही यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए स्थानीय स्तर पर सभी तैयारी पूरी कर ली गई है।
गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने वर्ष 2022 में ‘औरंगाबाद’ शहर का नाम बदलकर ‘छत्रपति संभाजीनगर’ करने की मंजूरी दी थी। रेलवे स्टेशन के नाम परिवर्तन के साथ यह प्रक्रिया अब पूरी हो गई है, जिससे मराठा गौरव का यह प्रतीक ऐतिहासिक रूप से स्थापित हो गया है।

