पटना, 11 दिसम्बर (पटना डेस्क) बिहार में ठंड ने दस्तक तेज़ कर दी है। सुबह और रात की कनकनी बढ़ने के साथ लोगों ने गर्म कपड़ों का सहारा लेना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार कई जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुँच गया है और अगले 48 घंटों में ठंड व कोहरे का असर और तीखा होने की संभावना है। हालात को देखते हुए पटना जिला प्रशासन ने स्कूलों के समय में बदलाव कर दिया है।

बक्सर गुरुवार को बिहार का सबसे ठंडा जिला बना, जहाँ पारा 8.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जीरादेई में 9.1, अरवल में 9.6, मधेपुरा में 10.1 और गया में 10.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। राजधानी पटना 12.6 डिग्री पर रहा, जो सामान्य से 1.1 डिग्री कम है। उत्तर और दक्षिण दोनों हिस्सों में ठंड का असर दिख रहा है, पर दक्षिण बिहार में तीखापन ज्यादा महसूस किया जा रहा है।इधर, बढ़ती ठंड ने किसानों की उम्मीदें भी बढ़ा दी हैं, क्योंकि रबी फसल पर इसका सीधा फायदा पड़ रहा है।

