
बक्सर, 22 दिसंबर (विक्रांत) जिले में लगातार गिरते तापमान और शीतलहर की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। जिला पदाधिकारी के निर्देश पर आमजनों की सुरक्षा और राहत के लिए जिले के सभी प्रमुख और भीड़-भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों पर अलाव और अस्थायी आश्रय स्थलों की व्यापक व्यवस्था की गई है।

प्रशासन की ओर से बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, प्रमुख चौक-चौराहों, बाजार क्षेत्रों, अस्पताल परिसरों समेत अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर अलाव जलाए जा रहे हैं, ताकि ठंड से प्रभावित जरूरतमंद, असहाय और राहगीरों को राहत मिल सके। ठंड के कारण रात के समय बढ़ती परेशानी को देखते हुए अस्थायी आश्रय स्थलों में ठहरने की सुविधा, कंबल और अन्य आवश्यक इंतजाम भी किए गए हैं।

जिला प्रशासन ने संबंधित पदाधिकारियों, नगर परिषद और नगर पंचायतों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि अलाव संचालन में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। साथ ही आश्रय स्थलों की नियमित निगरानी कर आवश्यकतानुसार व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ किया जाए, ताकि किसी भी जरूरतमंद को परेशानी न हो।प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि अत्यधिक ठंड के दौरान विशेष सतर्कता बरतें, अनावश्यक रूप से देर रात बाहर निकलने से बचें और जिला प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाएं। जिला प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि शीतलहर के दौरान राहत कार्य लगातार जारी रहेंगे।

