समस्तीपुर, 10 अक्तूबर (समस्तीपुर डेस्क) करवा चौथ के पावन अवसर पर शुक्रवार को रोसड़ा बाजार में दिनभर चहल-पहल बनी रही। सुबह से ही महिलाओं की भीड़ पूजा सामग्री, चूड़ी, मेहंदी, साड़ी और श्रृंगार वस्तुओं की खरीदारी में जुटी रही।

स्टेशन रोड, गुदरी बाजार, महावीर चौक और गांधी चौक जैसे प्रमुख बाजारों में दिनभर रौनक दिखी। दुकानदारों के चेहरे पर भी खुशी नजर आई, क्योंकि इस बार बिक्री में अच्छी बढ़ोतरी देखी गई।
विवाहित महिलाओं ने अपने पति की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि के लिए परंपरागत निर्जला उपवास रखा। शाम को चांद निकलने पर विधिपूर्वक पूजा कर व्रत खोला गया।
महिलाओं ने कहा कि करवा चौथ सिर्फ व्रत नहीं, बल्कि वैवाहिक जीवन में प्रेम, आस्था और समर्पण का प्रतीक है।
शाम होते-होते मेहंदी रचे हाथों, सजी दुकानों और जगमगाती रोशनी ने बाजार की रौनक को और बढ़ा दिया।

