
समस्तीपुर, 21 दिसम्बर (मोहम्मद जमशेद) समस्तीपुर की युवा सांसद शांभवी चौधरी ने रविवार को कल्याणपुर प्रखंड क्षेत्र में विकास को नई रफ्तार दी। करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित 8 उच्च स्तरीय पुलों का उद्घाटन कर उन्होंने क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात दी। इन पुलों के शुरू होने से लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और ग्रामीण विकास को मजबूती मिलेगी।

सांसद ने लदौरा से गंगौरा मुख्य पथ पर श्रीनाथ पारन के दो पुलों तथा कलौंजर से सैदपुर हाट मार्ग पर फुलहट्टा और कलौंजर में बने छह पुलों का फीता काटकर लोकार्पण किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने करूआ से रतनपुर सड़क निर्माण की मांग रखी, जबकि पूर्व मुखिया विजय शर्मा ने बिजली पोल और तार चोरी से किसानों को हो रही परेशानी से अवगत कराया।हजपुरवा पंचायत के वार्ड 17 करूआ स्थित महादेव मंदिर परिसर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए सांसद ने कहा कि वे कल्याणपुर के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने जर्जर सड़कों के निर्माण और जन संवाद कार्यक्रमों को प्राथमिकता देने का भरोसा दिया।इस मौके पर सांसद प्रतिनिधि केशरी कुमार मेहता, भाजपा नेता, पूर्व मुखिया और कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

