गोपालगंज, 12 दिसम्बर (निज संवाददाता) बिहार कारा दिवस के अवसर पर शुक्रवार को मंडल कारा गोपालगंज में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर बंदियों के बीच वालीबॉल प्रतियोगिता आयोजित कर उनमें सकारात्मक सोच और उत्साह लाया गया। इस माध्यम से जेल प्रशासन ने सुधारात्मक एवं सकारात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देने का संदेश दिया।

प्रतियोगिता को देखने और प्रोत्साहित करने के लिए कारा अधीक्षक सत्येंद्र कुमार सिंह, प्रभारी उपाधीक्षक संजय कुमार शर्मा, सहायक अधीक्षक रोशन शर्मा और सूरज कुमार उपस्थित रहे।कार्यक्रम की शुरुआत सुबह उत्साहपूर्ण माहौल में हुई। जेल परिसर को इस अवसर पर विशेष रूप से सजाया गया था। बंदियों को टीमों में बांटकर मैचों का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने खेल भावना के साथ शानदार प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों के बीच जीत की चाह के साथ-साथ अनुशासन और आपसी समन्वय देखने को मिला,जो इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य था।

कारा अधीक्षक श्री सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे कार्यक्रम बंदियों में सकारात्मक सोच,आत्मविश्वास और टीम भावना को विकसित करती हैं। उन्होंने बताया कि खेल गतिविधियां तनाव कम करने और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। प्रभारी उपाधीक्षक और अन्य अधिकारियों ने भी बंदियों के प्रदर्शन की सराहना की और भविष्य में ऐसे और भी आयोजन करने की बात कही। वालीबॉल प्रतियोगिता के दौरान बंदियों में खासा उत्साह देखने को मिला। मैच खत्म होने पर विजेता टीम को सम्मानित किया गया और सभी प्रतिभागियों को प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किए गए। बिहार कारा दिवस पर आयोजित यह अनोखी पहल बंदियों के पुनर्वास की दिशा में जेल प्रशासन का सराहनीय प्रयास माना जा रहा है।

