
पटना, 07 फरवरी (अविनाश कुमार) बिहार की राजधानी पटना में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नियोजन भवन में पदस्थापित असिस्टेंट डायरेक्टर परमजय सिंह को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

विजिलेंस की ट्रैप टीम ने उन्हें उस समय दबोचा, जब वे अपनी कार में 5 लाख रुपये की रिश्वत ले रहे थे। यह रकम 26 औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों के लिए जारी 1 करोड़ 70 लाख 30 हजार रुपये की राशि रिलीज कराने के बदले मांगी गई थी।निगरानी ब्यूरो के अनुसार आरोपी अधिकारी ने कुल 10 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी, जिसमें पहली किस्त के तौर पर 5 लाख रुपये तय किए गए थे। शुक्रवार को नियोजन भवन की पार्किंग में जैसे ही रकम का लेन-देन हुआ, पहले से तैनात टीम ने तत्काल कार्रवाई कर आरोपी को धर दबोचा।

मौके से पूरी रिश्वत राशि बरामद कर ली गई।इस मामले की शिकायत डिप्टी डायरेक्टर ओमप्रकाश ने की थी। प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर ट्रैप की योजना बनाई गई। निगरानी डीएसपी पवन कुमार ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए कहा कि पूरे मामले की गहन जांच जारी है। आरोपी को निगरानी मुख्यालय ले जाकर पूछताछ की जा रही है।

