हैदराबाद (अंकिता राय) केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी ने तेलंगाना की रेवंत रेड्डी सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि राज्य सरकार ने पिछड़ा वर्ग (बीसी) को 42 प्रतिशत आरक्षण देने का चुनावी वादा निभाने में विफलता दिखाई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि यह वादा पूरा नहीं किया गया, तो भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राज्यभर में आंदोलन तेज करेगी।

इंदिरा पार्क के धरना चौक पर आयोजित महाधरना के समापन पर रेड्डी ने कहा, “यह आंदोलन की शुरुआत है। बीसी वर्ग को 42 प्रतिशत आरक्षण मिलना चाहिए, अन्यथा भाजपा सत्ता में आने पर यह अधिकार सुनिश्चित करेगी।” उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार ने बीसी कोटे में कटौती कर मुसलमानों को 10 प्रतिशत आरक्षण देकर बीसी वर्ग के साथ अन्याय किया है।
रेड्डी ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जातिगत जनगणना की अनदेखी और आरक्षण में कटौती को राहुल गांधी देश के लिए आदर्श बता रहे हैं, जो चिंताजनक है। उन्होंने पूछा, “क्या बीसी वर्ग की पीठ में छुरा भोंकना ही देश के लिए आदर्श है?”
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस और बीआरएस के बीच सांठगांठ है, और राहुल गांधी केसीआर की आलोचना से बचते रहे हैं। रेड्डी ने मांग की कि राहुल गांधी को लोकसभा में माफी मांगनी चाहिए और स्पष्ट करना चाहिए कि कांग्रेस ने दशकों तक जातिगत जनगणना क्यों नहीं करवाई।
भाजपा ने यह भी स्पष्ट किया कि वह मुसलमानों के खिलाफ नहीं है, बल्कि आर्थिक रूप से पिछड़े वर्गों को आरक्षण देने की पक्षधर है। रेड्डी ने आश्वासन दिया कि भाजपा सत्ता में आने पर मुसलमानों को धर्म के आधार पर दिया गया 4 प्रतिशत आरक्षण रद्द कर बीसी, एससी और एसटी वर्गों को उसका लाभ दिया जाएगा।
यह बयान राज्य की राजनीति में आरक्षण और सामाजिक न्याय को लेकर एक नई बहस को जन्म दे रहा है। भाजपा ने संकेत दिया है कि यह मुद्दा आगामी चुनावों में एक प्रमुख एजेंडा रहेगा।

