
समस्तीपुर, 23 दिसंबर (मोहम्मद जमशेद) समस्तीपुर में सोमवार को जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में आईसीडीएस (समेकित बाल विकास सेवा) योजना की अहम समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिलेभर के आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति, पोषाहार वितरण, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं को मिल रही सुविधाएं, टीकाकरण, पूर्व-प्राथमिक शिक्षा और बच्चों के पोषण स्तर की गहन समीक्षा की गई।जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी आंगनबाड़ी केंद्र नियमित रूप से संचालित हों और पात्र लाभुकों को सरकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ हर हाल में मिले।

उन्होंने पोषाहार की गुणवत्ता, समयबद्ध आपूर्ति और वितरण में पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। डीएम ने कहा कि पोषण में किसी भी तरह की गड़बड़ी सीधे बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ है।कुपोषित बच्चों की पहचान कर उनके लिए विशेष निगरानी, इलाज और फॉलोअप की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने आंगनबाड़ी सेविकाओं और सहायिकाओं को चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अपने दायित्वों का ईमानदारी और सक्रियता से निर्वहन करें, लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में योजनाओं के नियमित अनुश्रवण और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। डीएम ने कहा कि आईसीडीएस योजना समाज के सबसे कमजोर वर्ग—महिलाओं और बच्चों—के लिए जीवनरेखा है, इसलिए इसके प्रभावी क्रियान्वयन में कोई कोताही नहीं होनी चाहिए। बैठक में संबंधित विभागों के वरीय पदाधिकारी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।

