समस्तीपुर, 11 अक्तूबर (समस्तीपुर डेस्क) डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय की राजभाषा कार्यान्वयन समिति की त्रैमासिक बैठक सह कार्यशाला गुरुवार की शाम ईख अनुसंधान संस्थान, पूसा के सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता निदेशक शिक्षा डॉ. उमाकांत बेहरा ने की। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय की विभिन्न इकाइयों के राजभाषा प्रभारियों ने भाग लिया।

इस अवसर पर राजभाषा पदाधिकारी डॉ. शंकर झा ने राजभाषा नियमों के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने राजभाषा की प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए कहा कि हिंदी के प्रचार-प्रसार और सरकारी कार्यों में इसके उपयोग को बढ़ावा देना अत्यंत आवश्यक है। डॉ. झा ने राजभाषा नियम 3.3 एवं 5.5 की धाराओं का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने और प्रत्येक तिमाही में राजभाषा के प्रगामी प्रयोग की दिशा में ठोस कदम उठाने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन डॉ. जया सिन्हा ने किया। बैठक में डॉ. सुमित कुमार सिंह, डॉ. मीरा कुमारी, डॉ. राजेश कुमार, डॉ. हेमचंद्र चौधरी, डॉ. भीके गोंड, डॉ. डी.एन. कामत समेत अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यशाला में सभी प्रतिभागियों ने राजभाषा के प्रयोग को प्रभावी बनाने हेतु अपने सुझाव भी साझा किए

