
पटना, 04 जनवरी (पटना डेस्क) जमुई जिले के खैरा बाजार में रविवार सुबह घने कोहरे के बीच एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। तीर्थयात्रियों को लेकर जा रही बस और ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में किसी यात्री की जान नहीं गई, लेकिन कई यात्रियों को चोटें आईं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

सभी घायलों का इलाज खैरा अस्पताल सहित अन्य चिकित्सालयों में चल रहा है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।बताया जा रहा है कि बस चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया और बाजार की दुकानों व राहगीरों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। सूचना मिलते ही खैरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त बस हटवाकर यातायात बहाल कराया। यात्रियों के लिए वैकल्पिक वाहन की व्यवस्था भी की गई।

स्थानीय लोगों के अनुसार हादसे के वक्त इलाके में घना कोहरा छाया था। बस में आगरा के 55 तीर्थयात्री सवार थे, जो गया होते हुए देवघर बाबा बैद्यनाथ धाम जा रहे थे। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

