
समस्तीपुर, 08 जनवरी (मोहम्मद जमशेद) जिले में कड़ाके की ठंड ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। सुबह से ही घना कोहरा छाया रहा, जिससे विजिबिलिटी घटकर करीब 200 मीटर रह गई। 9 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही सर्द पछिया हवा ने कनकनी और बढ़ा दी है। पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.7 डिग्री कम है, जबकि न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो औसत से 3.6 डिग्री कम है।

सुबह आद्र्रता 97 फीसदी और दोपहर में 77 फीसदी दर्ज की गई।केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. अब्दुल सत्तार ने बताया कि 11 जनवरी तक मौसम में खास सुधार की संभावना नहीं है। सुबह कोहरा और दोपहर में हल्की धूप के बीच तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। ठंड और कोहरे का असर रेल परिचालन पर भी साफ दिख रहा है।

स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस, वैशाली सुपरफास्ट, ग्वालियर-बरौनी, आम्रपाली सहित कई ट्रेनें 2 से 5 घंटे तक लेट चल रही हैं। रेलवे मीडिया प्रभारी आरके सिंह ने यात्रियों से घर से निकलने से पहले ट्रेन स्टेटस देखने की अपील की है।

