
नई दिल्ली, 15 जनवरी (अशोक “अश्क”) दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत के कई मैदानी इलाकों में गुरुवार सुबह ठंड के साथ घना कोहरा छाया रहा. पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब में हालात और भी गंभीर दिखे. मौसम विभाग ने कोहरा और बढ़ने का अलर्ट जारी किया है. आईएमडी के अनुसार कई क्षेत्रों में विजिबिलिटी 50 मीटर से भी नीचे गिर सकती है.

सुबह सात बजे के बाद कोहरे की तीव्रता बढ़ी, जिससे सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए. रेल और हवाई सेवाओं के प्रभावित होने की आशंका भी जताई गई है. बुधवार को भी उत्तरी भारत भीषण शीतलहर की गिरफ्त में रहा. पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 10 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया. कश्मीर में ठंड का आलम ऐसा रहा कि डल झील जम गई. हालांकि राजधानी दिल्ली को दिन में मामूली राहत मिली. यहां अधिकतम तापमान 20.0 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान गिरकर 3.8 डिग्री पर पहुंच गया.

मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के लगातार असर से न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी संभव है. इससे उत्तर प्रदेश में 15 जनवरी के बाद शीतलहर और पाले से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है.प्रशासन ने लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की.

