
पटना, 16 मार्च। (अविनाश कुमार) बिहार में शराबबंदी को सख्ती से लागू कराने के लिए चलाए जा रहे अभियान के बीच बक्सर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शनिवार देर रात औद्योगिक थाना पुलिस ने शराब के नशे में धुत एक युवक को गिरफ्तार किया, जिसकी पहचान सुधीर सिंह के रूप में हुई है। सुधीर सिंह जेल में बंद महाराजगंज के पूर्व सांसद और बाहुबली नेता प्रभुनाथ सिंह के भतीजे तथा दिवंगत पूर्व विधायक दीनानाथ सिंह के बेटे बताए जा रहे हैं।जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई वीर कुंवर सिंह सेतु (गंगा पुल) पर चल रही सघन वाहन जांच के दौरान की गई।

पुलिस टीम उत्तर प्रदेश से बिहार में प्रवेश करने वाले वाहनों की कड़ी जांच कर रही थी। इसी दौरान उत्तर प्रदेश की ओर से आ रही एक काली इनोवा कार को रोकने का संकेत दिया गया।औद्योगिक थानाध्यक्ष सुरेश कुमार ने बताया कि जैसे ही वाहन रुका और पुलिसकर्मी उसके पास पहुंचे, कार चला रहे सुधीर सिंह से शराब की तेज गंध आने लगी। पुलिस ने जब सामान्य सत्यापन प्रक्रिया के तहत उनसे गाड़ी से बाहर निकलने को कहा, तो वे भड़क उठे और पुलिसकर्मियों से तीखी बहस करने लगे।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सुधीर सिंह ने अपने राजनीतिक संबंधों का हवाला देते हुए पुलिस पर दबाव बनाने की कोशिश की और कथित तौर पर उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी।

हालांकि पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए उन्हें तुरंत हिरासत में ले लिया।पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी के बाद भी सुधीर सिंह का रवैया आक्रामक बना रहा। उन्हें थाना ले जाते समय उन्होंने पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज की और आदेशों की अवहेलना की।इस मामले में सुधीर सिंह के खिलाफ बिहार निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। साथ ही पुलिस के कार्य में बाधा डालने और धमकाने से जुड़ी धाराएं भी लगाई गई हैं।सदर एसडीपीओ गौरव पांडे ने पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी को नशे की हालत में गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वाहन की तलाशी के दौरान कोई हथियार बरामद नहीं हुआ। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

