
पटना, 27 जनवरी (पटना डेस्क) गणतंत्र दिवस के अवसर पर बिहार के उपमुख्यमंत्री और गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने पुलिस महकमे को कड़ा और स्पष्ट संदेश दिया है। पटना में आयोजित सरकारी समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में अब ढुलमुल रवैया किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सीधे तौर पर उन पुलिसकर्मियों को चेतावनी दी जो अपनी जिम्मेदारी निभाने में अक्षम साबित हो रहे हैं।

सम्राट चौधरी ने दो टूक कहा कि जिन्हें हथियार चलाना नहीं आता, वे वर्दी उतारें और घर बैठें।उपमुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार की कार्यशैली का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की तीनों सेनाओं को खुली छूट दी है, उसी तरह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार पुलिस के हाथ भी बंधे नहीं रहेंगे। अपराधियों के खिलाफ सख्त और निर्भीक कार्रवाई के लिए पुलिस को पूरी स्वतंत्रता दी गई है। सम्राट चौधरी ने पुलिस बल को हिदायत देते हुए कहा कि समाज में किसी भी तरह का “कचरा” नहीं बचना चाहिए। अपराध पर पूरी तरह अंकुश लगाना जरूरी है और इसके लिए अक्षम तथा अकुशल कर्मियों की विभाग में कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि पुलिस का दायित्व सिर्फ कानून-व्यवस्था संभालना नहीं, बल्कि उद्योगों के लिए सुरक्षित माहौल तैयार करना भी है।

सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए उन्होंने कहा कि गांव-गांव तक सड़क, बिजली और पानी पहुंच चुका है। अब राज्य में उद्योगों का जाल बिछाने की तैयारी है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यह बदला हुआ भारत है, अपराधी बचेंगे नहीं और निकम्मे पुलिसकर्मियों को बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा।

