
पटना, 21 जनवरी (पटना डेस्क) बिहार के गया जिले से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पुलिस से लेकर आम लोगों तक को स्तब्ध कर दिया है। शहर के अनुग्रह कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल में पढ़ने वाली चार नाबालिग छात्राएं अचानक अपने-अपने घरों से निकलकर दिल्ली भाग गईं। एक ही स्कूल की पक्की सहेलियों के इस कदम से उनके परिवारों में कोहराम मच गया, वहीं पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया।

परिजनों की शिकायत पर डेल्हा थाना में मामला दर्ज होते ही एसएसपी सुशील कुमार ने इसे गंभीरता से लेते हुए स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम का गठन किया। शुरुआती जांच में पुलिस को पता चला कि चारों लड़कियों को बक्सर में देखा गया था, लेकिन जब टीम वहां पहुंची तो मालूम पड़ा कि वे कुछ घंटे पहले ही दिल्ली के लिए रवाना हो चुकी हैं। इसके बाद पुलिस की एक टीम फ्लाइट से दिल्ली भेजी गई।दिल्ली पहुंचकर पुलिस ने कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी की और कड़ी मशक्कत के बाद चारों लड़कियों को सुरक्षित बरामद कर लिया।

इस दौरान सबसे बड़ा खुलासा यह हुआ कि चार में से दो लड़कियों ने लड़कों का भेस बना रखा था। उन्होंने न सिर्फ कपड़े बदले थे, बल्कि चाल-ढाल और हाव-भाव भी पूरी तरह लड़कों जैसे अपना लिए थे।पुलिस जांच में सामने आया कि स्कूल में पढ़ते-पढ़ते उनकी दोस्ती गहरे भावनात्मक और रोमांटिक रिश्ते में बदल गई थी। वे एक-दूसरे के बिना नहीं रहना चाहती थीं, इसलिए दिल्ली जाकर साथ रहने की योजना बनाई। टाउन डीएसपी (2) धर्मेंद्र भारती ने बताया कि चारों को गया लाया गया है, उनके बयान कोर्ट में दर्ज होंगे। चूंकि सभी नाबालिग हैं, इसलिए आगे की कार्रवाई चाइल्ड प्रोटेक्शन एक्ट के तहत की जाएगी। यह घटना पूरे गया में चर्चा का विषय बनी हुई है।

