
गोपालगंज,निज संवाददाता। जिले के महमदपुर थाना क्षेत्र के फतेपुर गांव में बुधवार की देर शाम एक पोखरे में डूबने से चाचा भतीजा की मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना से जहां परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतक फतेपुर गांव निवासी मंशी राय का (12) वर्षीय पुत्र गुलशन कुमार और प्रमोद राय का (14)वर्षीय पुत्र आकाश कुमार है। दोनों गांव के ही सरकारी विद्यालय में पढ़ते थे। गुलशन तीन भाइयों के बीच का था और पांचवीं कक्षा का छात्र था, जबकि आकाश दो भाइयों में सबसे छोटा और छठी कक्षा में पढ़ता था। दोनों के पिता किसान हैं।-होली खेलने के बाद पोखर में गए थे नहाने परिजनों के अनुसार, होली के दिन दोनों चाचा-भतीजा रंग खेलने के बाद घर से करीब चार सौ मीटर दूर स्थित पोखरे में नहाने गए थे। देर शाम तक जब वे घर नहीं लौटे तो परिवार की चिंता बढ़ गई। काफी खोजबीन के बाद भी दोनों का पता नहीं चल सका। अगले दिन परिजन दोबारा तलाश करते हुए पोखरे के पास पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों की मदद से पानी में खोजबीन की गई, जहां से दोनों के शव बरामद हुआ। शव मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। -एक साथ ही रहते थे दोनों परिजनों ने बताया कि चाचा-भतीजे के बीच सगे भाइयों से भी बढ़कर प्रेम था। दोनों साए की तरह हर समय साथ रहते थे। चाहे घर का काम हो या बाहर जाना। नियति का क्रूर खेल देखिए कि जीवन भर साथ रहने वाले इन दोनों का साथ मौत भी नहीं छुड़ा सकी। गांव में दोनों की अर्थी भी एक साथ उठी, जिसे देख हर आंख नम हो गई।-जांच में जुटी पुलिस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मॉडल अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। इस दुखद घटना के बाद पूरे फतेपुर गांव में शोक का माहौल है और हर कोई इस हृदयविदारक हादसे से स्तब्ध है।

