पटना, 19 दिसम्बर (पटना डेस्क) सारण जिले में गुरुवार देर रात पुलिस और अपराधियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो कुख्यात बदमाशों के पैर में गोली लगी। दोनों घायल अपराधियों को तत्काल छपरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।पुलिस के अनुसार, इनई बगीचा इलाके में हथियार बरामदगी के लिए टीम पहुंची थी। इसी दौरान घात लगाए बैठे अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी गोलीबारी की, जिसमें दो बदमाश घायल हो गए।घायल अपराधियों की पहचान नगर थाना क्षेत्र के दहियावां निवासी रंजन यादव और अवतार नगर थाना क्षेत्र के धर्म बागी निवासी सोनू राय के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि दोनों के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।पुलिस का कहना है कि यही दोनों बदमाश बुधवार रात छपरा के प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. सजल कुमार के अपहरण की कोशिश में शामिल थे। किडनैपिंग के दौरान अपराधियों की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी, जिससे डॉक्टर उनकी चंगुल से बच निकले। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी की गई थीपूछताछ के बाद पुलिस आरोपियों को हथियार बरामदगी के लिए रिवीलगंज थाना क्षेत्र ले गई थी, जहां मुठभेड़ हुई। इस कांड में अब तक पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।गौरतलब है कि करीब डेढ़ महीने में यह बिहार पुलिस का पांचवां हाफ एनकाउंटर है। एसएसपी ने जनता से अफवाहों से बचने और पुलिस को सहयोग देने की अपील की है।

