समस्तीपुर, 14 दिसम्बर (मोहम्मद जमशेद): समस्तीपुर जिले के ताजपुर थाना क्षेत्र में घर की मरम्मत को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पड़ोसी से हुए झगड़े में एक ही परिवार के तीन सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पहले रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत को देखते हुए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।घायलों की पहचान निकसपुर वार्ड-5 निवासी महेश्वर सिंह, उनकी पत्नी सुशीला देवी और पुत्र प्रवीण कुमार के रूप में हुई है।

पीड़ित प्रवीण कुमार ने बताया कि दो मंजिला मकान की मरम्मत के लिए पीछे स्थित पड़ोसी की जमीन में बांस का भाड़ा लगाया गया था, जिस पर मजदूर काम कर रहे थे। इसी दौरान पड़ोसी रामसागर सिंह वहां पहुंचे और बांस काटने को लेकर विवाद करने लगे।विवाद बढ़ने पर जब महेश्वर सिंह और उनकी पत्नी मौके पर पहुंचे, तो रामसागर सिंह के साथ आए लोग आक्रोशित हो गए और लाठी-डंडे से मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे, तब जाकर मामला शांत हुआ।सदर अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में डॉ. संतोष कुमार झा की देखरेख में घायलों का इलाज किया जा रहा है। डॉक्टर ने बताया कि महेश्वर सिंह और प्रवीण कुमार के सिर में गंभीर चोटें आई हैं और उनका सीटी स्कैन कराया जा रहा है।उधर, ताजपुर थानाध्यक्ष शंकर शरण मेहता ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही 112 पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया है। घायलों के आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।

