
बक्सर, 10 जनवरी (विक्रांत) जिले में किसान रजिस्ट्री अभियान अब तेज़ रफ्तार में है। जिलाधिकारी बक्सर श्रीमती साहिला के सख्त निर्देश पर Farmer Registry को मिशन मोड में संचालित किया जा रहा है, ताकि कोई भी पात्र किसान सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। सभी प्रखंडों में प्रतिदिन प्रातः 7 बजे से शिविर लगाए जा रहे हैं, वहीं अब डोर-टू-डोर सर्वे और पंजीकरण की भी शुरुआत कर दी गई है।

किसानों को निर्बाध रूप से सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए सर्वे अमीन, राजस्व कर्मचारी और ऑपरेटर किसानों के घर-घर पहुंचकर रजिस्ट्रेशन कर रहे हैं। अभियान की कड़ी निगरानी के लिए दोनों अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता और सभी प्रखंड प्रभारी पदाधिकारी स्वयं फील्ड में मौजूद रहकर रोज़ाना मॉनिटरिंग कर रहे हैं।तकनीकी और प्रक्रियागत दिक्कतों के त्वरित समाधान हेतु हर प्रखंड में ब्लॉक स्तरीय मॉनिटरिंग सेल गठित किया गया है, जबकि जिला स्तर पर डिस्ट्रिक्ट मॉनिटरिंग सेल सक्रिय है। अपर समाहर्ता ने साफ कहा है कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई तय है।

जिलाधिकारी ने दो टूक कहा कि किसान रजिस्ट्री का 100 प्रतिशत लक्ष्य हर हाल में पूरा किया जाएगा। इसी कारण शिविरों की अवधि बढ़ा दी गई है। जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ रजिस्ट्री कराकर योजनाओं का सीधा और पारदर्शी लाभ उठाएं।

