नई दिल्ली, 21 अक्तूबर (अशोक “अश्क”) बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी बीच केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने एक साक्षात्कार में चुनाव से जुड़े कई अहम मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी। जब उनसे पूछा गया कि क्या एलजेपी चुनाव के बाद डिप्टी सीएम पद की दावेदारी करेगी, तो उन्होंने साफ कहा, “अभी सरकार बन जाए, फिर ऐसी बातें हों। समय से पहले इन मुद्दों की चर्चा ही गलत है। इन्हीं महत्वाकांक्षाओं ने महागठबंधन को कमजोर किया है।”

चिराग पासवान ने विकास के मुद्दे पर केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय को ज़रूरी बताया और कहा कि जनता अब ऐसे ही विधायक चुनना चाहती है, जो केंद्र सरकार के साथ मिलकर प्रदेश का विकास कर सके। उन्होंने दावा किया कि एनडीए की एकजुटता इस बार निर्णायक असर डालेगी।
महागठबंधन पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि जब राजद सबसे बड़ी पार्टी बनी थी, तब भी कई सीटों पर हार झेलनी पड़ी। उन्होंने कहा, “इस बार महागठबंधन बिखरा हुआ है। राजद और कांग्रेस कई सीटों पर अलग-अलग चुनाव लड़ रहे हैं। ऊपर नेता भले फोटो खिंचवा लें, लेकिन नीचे कार्यकर्ताओं में उत्साह की भारी कमी है।”
उन्होंने कहा कि सर्वे पर नहीं, मेहनत पर भरोसा है। लोकसभा चुनाव में भी उन्हें कम सीटें मिलती दिख रही थीं, लेकिन उन्होंने बेहतर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि कुछ सीटों पर ज्यादा मेहनत करनी होगी, लेकिन जनता का मूड इस बार पूरी तरह से एनडीए के पक्ष में है।

