समस्तीपुर, 10 अक्तूबर (समस्तीपुर डेस्क) बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर समस्तीपुर शहर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के उद्देश्य से गुरुवार की शाम पुलिस और सीआरपीएफ ने फ्लैग मार्च निकाला। एसपी अरविंद प्रताप सिंह के नेतृत्व में निकाले गए इस मार्च में एएसपी सह सदर एसडीपीओ-1 संजय कुमार पाण्डेय, साइबर क्राइम डीएसपी दुर्गेश दीपक, नगर थानाध्यक्ष अजीत कुमार, मुफ्फसिल थानाध्यक्ष अजीत प्रसाद सिंह और बड़ी संख्या में जवान शामिल थे।
फ्लैग मार्च नगर थाना से शुरू होकर भोला टॉकीज, धरमपुर (पूसा रोड) सहित विभिन्न मार्गों से गुजरा। इसमें करीब 100 सीआरपीएफ जवानों ने भाग लिया।

पुलिस ने मतदाताओं को भयमुक्त वातावरण में मतदान करने का संदेश दिया और असामाजिक तत्वों को कड़ी चेतावनी दी।
पुलिस ने लोगों से शांतिपूर्ण मतदान की अपील की और अफवाहों से दूर रहने की सलाह दी। अधिकारियों ने बताया कि फ्लैग मार्च का उद्देश्य सुरक्षा का आकलन, जनता में विश्वास कायम करना और आचार संहिता के पालन को सुनिश्चित करना है।

