बक्सर, 22 सितंबर (विक्रांत) राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के तहत सोमवार को डुमरांव नगर के छठिया पोखरा परिसर में स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला गंगा समिति के बैनर तले आयोजित हुआ, जिसकी अगुवाई समिति के नोडल पदाधिकारी आलोक वत्स, जिला स्वीप कोषांग के नोडल अधिकारी अमित कुमार एवं एनसीसी के कमान अधिकारी कर्नल रितेश रंजन ने की।

अभियान की शुरुआत एक जागरूकता रैली से हुई, जिसमें एनसीसी के कैडेट्स, रूद्र गुरुकुल ट्रस्ट, नगर परिषद के प्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए। इसके बाद सभी ने श्रमदान कर छठिया पोखरा के आसपास फैले कूड़े-कचरे को साफ किया।
अभियान के दौरान स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई और आम नागरिकों से गंगा और पर्यावरण की स्वच्छता बनाए रखने की अपील की गई। विशेष रूप से 30 बिहार बटालियन एनसीसी के कैडेट्स की सक्रिय भागीदारी को लोगों ने खूब सराहा।

रैली में बीएचएम राहुल कुमार सिंह, हवलदार रवि शंकर, एएनओ अभयानंद प्रजापति एवं एएनओ संजय कुमार सिन्हा की भी सहभागिता रही। आयोजन का उद्देश्य न केवल सफाई करना था, बल्कि लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी था।

