समस्तीपुर, 13 अक्तूबर (निज संवाददाता) छठ महापर्व के अवसर पर यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए पूर्व मध्य रेल के समस्तीपुर मंडल ने विशेष बहु-स्तरीय भीड़ प्रबंधन योजना लागू की है। इस योजना का उद्देश्य यात्रा को सुरक्षित, सुगम और कुशल बनाना है।

भीड़ प्रबंधन के प्रमुख कदम:
- नोडल अधिकारियों की तैनाती: समस्तीपुर, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, सहरसा समेत प्रमुख स्टेशनों पर 24×7 निगरानी के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
- 24×7 वॉर रूम: मंडल नियंत्रण कार्यालय में तीन पालियों में वॉर रूम स्थापित किया गया है।
- सीसीटीवी निगरानी: प्रमुख स्टेशनों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है।
यात्री सुविधाएं:
- होल्डिंग एरिया: सभी जरूरी सुविधाओं (पानी, पंखे, चार्जिंग, डिस्प्ले, टिकटिंग) से लैस होल्डिंग एरिया समस्तीपुर, दरभंगा, जयनगर जैसे स्टेशनों पर तैयार किए गए हैं।
- अतिरिक्त काउंटर: टिकट और आरक्षण के लिए अतिरिक्त काउंटर, ATVMs और m-UTS की व्यवस्था की गई है।
- साइन बोर्ड और उद्घोषणाएं: हिंदी और मैथिली में जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था:
- आरपीएफ, जीआरपी और स्काउट्स की तैनाती, मेगा माइक और वॉकी टॉकी से लैस कर्मचारी भीड़ को नियंत्रित करेंगे।
- पार्सल लोडिंग प्रतिबंधित रहेगा और अनधिकृत प्रवेश पर रोक लगाई जाएगी।
स्वास्थ्य और सहायता सेवाएं:
- हर बड़े स्टेशन पर फर्स्ट एड बूथ और ‘मे आई हेल्प यू’ सेंटर बनाए गए हैं।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि सभी लोग निर्देशों का पालन करें और छठ यात्रा को सुरक्षित और सहज बनाएं।

