पटना, 03 दिसम्बर, (पटना डेस्क) बिहार में नई सरकार के गठन के साथ ही पुलिस की कार्रवाई का तेज़ दौर जारी है। इसी कड़ी में छपरा के मांझी थाना क्षेत्र में मंगलवार की देर रात पुलिस और शराब माफियाओं के बीच जमकर मुठभेड़ हुई।

कार्रवाई में कुख्यात तस्कर अजय राय गोली लगने से घायल होकर पुलिस के हत्थे चढ़ गया, जबकि उसका दूसरा साथी सुकेश कुमार मौके पर ही सरेंडर कर गया। यह मुठभेड़ देर रात करीब 1 बजे दुर्गा घाट क्षेत्र में हुई, जहां नदी के रास्ते भारी मात्रा में शराब की खेप उतरने वाली थी।पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दोनों तस्कर नाव से शराब लेकर मांझी की ओर बढ़ रहे थे। गुप्त सूचना पर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में टीम ने दुर्गा घाट के आसपास घेराबंदी कर रखी थी। जैसे ही नाव किनारे पहुंची, पुलिस की मौजूदगी देख तस्करों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने निशाना साधकर गोली चलाई, जिससे अजय राय के पैर में गोली लगी और वह गिर पड़ा। इसी दौरान गोलीबारी की आहट से घबराकर दूसरा तस्कर सुकेश कुमार ने हाथ ऊपर कर सरेंडर कर दिया।घायल तस्कर अजय राय को तुरंत छपरा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मौके से दो देसी कट्टा, चार जिंदा कारतूस और दो खोखे बरामद किए हैं।गौरतलब है कि गृह मंत्री सम्राट चौधरी के कार्यभार संभालने के बाद मात्र 12 दिनों में यह तीसरा एनकाउंटर है, जिससे साफ संकेत मिल रहा है कि शराब माफियाओं, अपराधियों और तस्करों पर पुलिस पूरी सख्ती से नकेल कसने में लगी है।पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान की जा रही है और जल्द ही व्यापक अभियान चलाकर इन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।

