
समस्तीपुर, 08 जनवरी (मोहम्मद जमशेद) चंदौली जनपद के धानापुर ब्लॉक अंतर्गत समस्तीपुर नौली ग्राम में रास्ते के बीच बनी सीवर लाइन का ढक्कन बीते करीब छह माह से गायब है, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। खुले सीवर के कारण गांव के लोगों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

रात के अंधेरे और घने कोहरे में यह गड्ढा दिखाई नहीं देता, जिससे आए दिन लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं। यह रास्ता स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, एम्बुलेंस और बारात जैसी आवश्यक आवाजाही के लिए प्रमुख मार्ग है, ऐसे में किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार सीवर ओवरफ्लो होने से गंदा पानी घरों में घुस जाता है, जिससे बदबू फैलती है और डेंगू-मलेरिया जैसे मच्छरजनित रोगों का खतरा बढ़ गया है।

स्थानीय लोगों ने कई बार जनप्रतिनिधियों और प्रशासन को समस्या से अवगत कराया, लेकिन अब तक समाधान नहीं हुआ। इस संबंध में खंड विकास अधिकारी अमित कुमार ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है और शीघ्र ही सीवर ढक्कन लगवाकर रास्ते की मरम्मत कराई जाएगी। ग्रामीणों को अब ठोस कार्रवाई का इंतजार है।

